Low Blood Sugar Symptoms And Treatment: डायबिटीज के मरीजों के बीच अक्सर हाई ब्लड शुगर की चर्चा होती रहती है, लेकिन लो ब्लड शुगर के बारे में कम लोगों को मालूम रहता है। 'लो ब्लड शुगर' यानी हाइपोग्लाइसीमिया में ब्लड शुगर कम हो जाता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक हाई ब्लड शुगर शरीर के अंगों को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाता हैं, जबकि लो ब्लड शुगर किसी भी व्यक्ति की मिनटों में जान ले सकता है। इसी विषय पर हमने कुशिनगर के निजी अस्पताल के डॉक्टर रवि कुशवाहा से बात की।
उन्होंने बताया कि जब शरीर में ग्लूकोज का लेवल जब 70 mg/dL से नीचे चला जाता है, तो मस्तिष्क को एनर्जी मिलना बंद हो जाती है, जिससे व्यक्ति बेहोश हो सकता है या कोमा में जा सकता है। डॉक्टर कुशवाहा चेतावनी देते हैं कि अक्सर लोग कंपकंपी, पसीना आना और घबराहट जैसे शुरुआती संकेतों को कमजोरी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जो एक बड़ी भूल साबित हो सकती है।
यह स्थिति तब और खतरनाक हो सकती है जब मरीज नींद में हो या अकेले यात्रा कर रहा हो। इसलिए हाइपोग्लाइसीमिया के प्रति जागरूकता और इसके तत्काल प्रबंधन की जानकारी होना हर शुगर मरीज और उसके परिवार के लिए बहुत जरूरी है।