ड्राई आइज यानी कि आंखों में सूखापन की समस्या होना काफी सामान्य है। हमारी आंखों में नमी के बनाए रखने के लिए आंसू का उत्पादन होता रहता है, हालांकि इस समस्या में आंसू कम या बिल्कुल भी नहीं बनते हैं, लिहाजा आंखों में सूखापन बढ़ जाता है जिससे लालिमा, दर्द, जलन और चीजों को देखने में भी दिक्कतें होने लग जाती हैं। हर साल वैश्विक स्तर पर लाखों लोगों में ड्राई आइज की समस्या का निदान होता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, खराब लाइफस्टाइल विशेषकर मोबाइल-लैपटॉप जैसी स्क्रीन पर अधिक समय बिताने वाले लोगों में इसका खतरा अधिक हो सकता है।
इस बीच अध्ययनकर्ताओं ने बताया है कि ड्राई आइज की इस समस्या को सिर्फ आंखों की दिक्कत तक ही सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। अगर यह लंबे समय से बनी हुई है तो आपको डिप्रेशन जैसी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का भी खतरा हो सकता है। अगर आपको भी आंखों में इस तरह की दिक्कतें रहती हैं तो किसी डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।