हृदय रोग, वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, इसे मृत्यु के प्रमुख कारणों में से भी एक माना जाता है। वर्ल्ड हार्ट फेडरेशन (डब्ल्यूएचएफ) की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 30 वर्षों में वैश्विक स्तर पर हृदय रोगों से होने वाली मौतों में 60% की वृद्धि हुई है। साल 1990 में कार्डियोवस्कुलर डिजीज (सीवीडी) के कारण जहां 12.1 मिलियन (1.21 करोड़) से अधिक लोगों की मौत होती थी, वहीं 2021 में यह आंकड़ा बढ़कर 20.5 मिलियन (2.05 करोड़) हो गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते है, जिस तरह से हमारी लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी बढ़ती जा रही है, इसने हृदय रोगों के जोखिमों को भी बढ़ा दिया है।
हृदय रोगों से मौत के जोखिम को कैसे कम किया जा सकता है, इस बारे में जानने के लिए शोध कर रही वैज्ञानिकों की टीम ने एक कारगर तरीका बताया है। शोध से पता चलता है कि अगर आप ज्यादा हंसते हैं, खुश रहते हैं तो ये स्वाभाविक रूप से आपमें इस जानलेवा रोग के खतरे को कम करने में मदद कर सकती है।
शोधकर्ताओं ने पाया कि जो रोग टीवी में कॉमेडी शोज देखते थे, इसका आनंद लेते थे उनमें हृदय रोगों का खतरा कम पाया गया।