कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच दुनियाभर के कई देशों से अच्छी खबरें भी सामने आ रही हैं, जिनमें से सबसे बड़ी खबर कोरोना की वैक्सीन से जुड़ी है। भारत, रूस, ब्रिटेन, अमेरिका समेत कई देश इसकी वैक्सीन बनाने के काफी करीब पहुंच चुके हैं। रूस ने तो दुनिया की पहली कोरोना वैक्सीन का दावा किया है, जिसका 12 अगस्त यानी कल ही पंजीकरण कराने जा रहा है। रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इसकी पूरी तैयारी है। हालांकि इस वैक्सीन पर अमेरिका, ब्रिटेन जैसे देशों के अलावा विश्व स्वास्थ्य संगठन भी आपत्ति जता चुका है। लेकिन संदेह और सवालों के बीच रूस इस वैक्सीन को लॉन्च करने और टीकाकरण अभियान की तैयारी में है।