Jamun fruit health benefits in hindi: गर्मी के इस मौसम में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने सभी को परेशान कर रखा है। ज्यादातर लोगों को यह मौसम पसंद न होने के लिए इसे ही प्रमुख वजह माना जा सकता है। हालांकि सेहत के लिहाज से इस मौसम में बहुतायत में मिलने वाले कुछ फलों को विशेष लाभप्रद बताया गया है। गर्मी के इस मौसम में खीरा, तरबूज-खरबूज खाने के फायदों के बारे में हम सभी सुनते आ रहे हैं, पर मेडिकल साइंस में जिस फल को सेहत का खजाना बताया जाता है, वह है जामुन।
जामुन गर्मियों में हाइड्रेशन को बनाए रखने के साथ शरीर में कई प्रकार की बीमारियों के जोखिम को कम करने में विशेष लाभदायक माना जाता है।
जामुन के फायदों के बारे में जानने के लिए किए गए अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि यह फल एंटीऑक्सिडेंट, कैल्शियम, फास्फोरस और फ्लेवोनोइड का समृद्ध स्रोत है। ये सभी पोषक तत्व शरीर को बेहतर ढंग से कार्य करते रहने में सहायक होते हैं। आइए जानते हैं कि जामुन खाने से किन बीमारियों में लाभ मिल सकता है?