Why do Babies Cry During Gas: छोटे बच्चों, खासकर नवजात शिशुओं में पेट में गैस और मरोड़ की समस्या बहुत आम है, जिसे लेकर अक्सर माता-पिता काफी परेशान हो जाते हैं। इसी विषय पर डॉक्टर माधवी भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि 15-20 दिन के बच्चों के पेट में जब गैस 'मूव' करती है, तो यह उनके लिए एक बिल्कुल नया अनुभव होता है।
उन्होंने बताया कि बच्चा इस नई अनुभूति को समझ नहीं पाता और रोकर या शरीर को ऐंठकर अपनी प्रतिक्रिया देता है। डॉक्टर के अनुसार यह कोई गंभीर बीमारी नहीं बल्कि बच्चे के विकास का एक हिस्सा है। आमतौर पर 15-20 दिन की उम्र से कोलिक (स्वस्थ शिशुओं में होने वाला असहज रोना) की समस्या शुरू होती है, जो 45 दिनों तक अपने चरम पर रहती है और बच्चा 3 महीने का होने तक धीरे-धीरे इस स्थिति में सामान्य होने लगता है। अक्सर दवाइयों के बावजूद बच्चा गैस या पॉटी पास करते समय रोता है, क्योंकि वह उस दबाव को महसूस कर रहा होता है।