क्या आपको भी बरसात के दिनों में त्वचा में खुजली और जलन की समस्या हो जाती है? त्वचा पर दाद-खाज की दिक्कत बढ़ जाती है, ये फंगल इंफेक्शन का संकेत हो सकता है।
फंगल इंफेक्शन त्वचा से जुड़ी एक आम समस्या है, जो शरीर के अलग-अलग हिस्सों में हो सकती है। दाद, खाज, खुजली, लाल चकत्ते, जलन या त्वचा पर गोल निशान इसके सामान्य संकेत हो सकते हैं। गर्मी और उमस के मौसम में पसीने और नमी के कारण इसका खतरा और बढ़ सकता है
शरीर के उन हिस्सों में जहां हवा कम पहुंचती है, फंगस को बढ़ने के लिए अनुकूल माहौल मिल जाता है। फंगल इंफेक्शन संक्रमित व्यक्ति, जानवर या संक्रमित कपड़े-तौलिये जैसी चीजों के संपर्क से भी फैल सकता है। वैसे तो कुछ फंगल संक्रमण अपने आप ठीक हो जाते हैं, जबकि कुछ धीरे-धीरे शरीर के दूसरे हिस्सों तक फैल सकते हैं और दूसरों में भी संक्रमण पहुंचा सकते हैं।
अगर आपको भी कुछ समय से खुजली या चकत्ते की दिक्कत बनी हुई है तो तुरंत इस बारे में डॉक्टर की मदद लें।