दुनिया में हर साल एक करोड़ लोगों की जान जाएगी। जी हां, एक करोड़। जिस तेजी से कीटाणु और अन्य रोगजनक जीव, एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर रहे हैं, उससे एंटीबायोटिक दवाएं, कई बीमारियों से लड़ने में बेअसर साबित हो जाएंगी। और इससे आगे चल कर हर साल एक करोड़ लोगों की जान जाने का अंदेशा है। अभी तक हर साल दुनिया भर में सात लाख लोग ऐसे रोगों से मर जाते हैं, जिन पर दवाओं का असर नहीं होता। पिछले एक दशक में हानिकारक बैक्टीरिया के खिलाफ जिन एंटीबायोटिक्स का उपयोग किया जा सकता था, उनका असर अब कम होता जा रहा है।