डायबिटीज हो या हाई बीपी, लिवर हो या किडनी की बीमारियां, इन सभी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ लाइफस्टाइल और खानपान में गड़बड़ी को प्रमुख कारण बताते हैं। हम दिनभर में जो कुछ भी करते हैं, जैसा भोजन करते हैं इसका सीधा असर हमारी सेहत पर पड़ता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को अपनी लाइफस्टाइल को ठीक रखने की सलाह देते हैं।
ऑफिस में घंटों कुर्सी पर बैठे रहना, रास्ते में कार या बाइक, घर में सोफे पर आराम और फिर मोबाइल चलाते रहना, आजकल ज्यादातर लोगों का दिन इसी तरह गुजरता है। इस तरह की शारीरिक गतिविधियों में कमी वाली दिनचर्या को स्वास्थ्य विशेषज्ञ सेहत के लिए खतरा बढ़ाने वाला मानते हैं।
समस्या ये है कि जो लोग ऑफिस में डेस्क जॉब करते हैं उन्हें लंबे समय तक बैठे रहना पड़ता है, ऐसे में सवाल ये है कि फिर ऐसे लोग अपने स्वास्थ्य जोखमों को कैसे कम कर सकते हैं? क्या रोजाना ज्यादा चलने की आदत, लंबे समय तक बैठे रहने के कारण होने वाले खतरों को कम करने में मदद कर सकती है?