Infused Water Benefits: इन्फ्यूज्ड वॉटर को डिटॉक्स वॉटर या फ्लेवर्ड वॉटर भी कहते हैं। इसे सादे पानी में ताजे फल, सब्जियां की मदद से तैयार किया गया एक सेहतमंद पेय है। इसे बनाने के लिए पानी में खीरा, नींबू, संतरा, स्ट्रॉबेरी जैसे फलों के टुकड़े और पुदीना या तुलसी जैसी जड़ी-बूटियों को कुछ घंटों के लिए भिगोकर रखा जाता है। इस प्रक्रिया से इन चीजों का हल्का स्वाद और कुछ पोषक तत्व पानी में आ जाते हैं।
आजकल फिटनेस और वेलनेस की दुनिया में 'इन्फ्यूज्ड वॉटर' का चलन तेजी से बढ़ रहा है। सोशल मीडिया पर इसको लेकर खीरे, नींबू, और पुदीने की पत्तियों से भरी पानी की आकर्षक बोतलें हर जगह दिखाई देती हैं। इसे सेहत के लिए एक चमत्कारी पेय के रूप में प्रचारित किया जाता है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या यह सिर्फ सादे पानी को स्वादिष्ट बनाने का एक फैंसी तरीका है, या सच में इसके कुछ अतिरिक्त स्वास्थ्य लाभ भी हैं? सादा पानी पीना सेहत के लिए सबसे जरूरी है, लेकिन कई लोग इसके स्वादहीन होने के कारण पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पी पाते। इसलिए आइए इस लेख में जानते हैं कि इन्फ्यूज्ड वॉटर इस समस्या का कितना कारगर समाधान है और यह सादे पानी से कितना अलग है।