दोस्तों से जुड़े रहने, अपनी भावनाओं-विचारों को साझा करने, बाहरी दुनिया से अपडेट रहने के लिए हम सभी किसी न किसी सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जुड़े होते हैं। ये आभासी दुनिया भले ही पुराने और दूर के मित्रों के पास होने का एहसास कराती रहती है पर क्या आप जानते हैं कि विशेषज्ञ इसे मानसिक स्वास्थ्य के लिए खतरनाक मानते हैं। कई अध्ययनों में सोशल मीडिया के अधिक इस्तेमाल को अवसाद, चिंता, अकेलेपन, सेल्फ-हार्म और यहां तक कि आत्मघाती विचारों के बढ़ते जोखिमों से संबंधित पाया है।
शोधकर्ता बताते हैं, सोशल मीडिया नकारात्मक अनुभवों को बढ़ावा दे सकता है, इसलिए इसका मानसिक स्वास्थ्य पर कई प्रकार से दुष्प्रभाव का जोखिम रहता है। विशेषकर युवा वर्ग अपने दिन का ज्यादा समय इन ऐप्स पर बिता रहा है, यह कई प्रकार की समस्याओं का कारण हो सकता है।