फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Home Remedies: बदलते मौसम के साथ बढ़ जाती है एलर्जी की समस्या, इन घरेलू उपायों को माना जाता है रामबाण इलाज

Sat, 26 Feb 2022 07:22 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
एलर्जी के कारण जुकाम-बुखार की समस्या - फोटो : Pixabay
कड़ाके की सर्दी के बाद अब मौसम गर्मियों की तरफ धीरे-धीरे अपना रुख मोड़ रहा है। इन दिनों दिन के समय का तापमान बढ़ रहा है जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड बनी हुई है। यह ऐसा मौसम है जिसमें कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। बदलते मौसम के साथ सीजनल एलर्जी की दिक्कतों को काफी सामान्य माना जाता है। मौसमी एलर्जी को हे फीवर या सीजनल एलर्जिक राइनाइटिस के नाम से भी जाना जाता है। एलर्जी के ऐसे  लक्षण साल के कुछ समय बढ़ जाते हैं, जिसके कारण बुखार, सर्दी-जुकाम जैसी कई तरह की दिक्कतें हो सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, आमतौर पर जिन लोगों की प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर होती है, ऐसे लोगों में मौसमी एलर्जी का खतरा अधिक होता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, एलर्जी की बार-बार होने वाली समस्या इस बात का संकेत है कि आपकी इम्युनिटी पावर मजबूत नहीं है। ऐसे में आपको कुछ विशेष उपाय करने की आवश्यकता है। कई घरेलू उपाय ऐसे हैं जिनको प्रयोग में लाकर आप इस तरह की दिक्कतों को कम कर सकते हैं। आइए आगे की स्लाइडों में उन घरेलू नुस्खों के बारे में जानते हैं जिनको मौसम बदलने के साथ होने वाली  एलर्जी में काफी लाभकारी पाया गया है।
विज्ञापन

2 of 5
शहद के औषधीय लाभ - फोटो : istock
शहद है बेहद फायदेमंद
शहद के सेवन के वैसे तो तमाम तरह के स्वास्थ्य लाभ हैं, इसे एलर्जी की दिक्कतों को दूर करने में भी काफी लाभकारी माना जाता है। एलर्जी के कारण गले में होने वाली खराश या दर्द को दूर करने से लेकर एलर्जी के अन्य लक्षणों को कम करने तक के लिए शहद का सेवन फायदेमंद माना जाता है। एलर्जी के खिलाफ शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए रोज सुबह गर्म पानी में दो चम्मच शहद और नींबू का रस मिलाकर सेवन करने को फायदेमंद माना जाता है।
विज्ञापन

3 of 5
लहसुन चबाने के क्या फायदे हैं? - फोटो : iStock
लहसुन की कच्ची कलियों के लाभ
लहसुन को कई तरह के फायदों के लिए वर्षों से उपयोग में लाया जाता रहा है। इसमें मौजूद एंटीबायोटिक गुण इसे खास बनाते हैं। पेट की समस्याओं को दूर करने के साथ मौसमी एलर्जी से बचाव के लिए लहसुन का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है। रोजाना खाली पेट दो से चार कलियों का सेवन करना आपके पाचन को ठीक रखने के साथ गले की समस्याओं को कम करने में मदद करता है।

4 of 5
हल्दी दूध के लाभ (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : iStock
संक्रमण से बचाती है हल्दी
हल्दी में प्रभावी तौर पर एंटीऑक्सिडेंट के साथ एंटीएंफ्लामेटरी गुण पाए जाते हैं जो एलर्जी के लक्षणों से राहत देने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा हल्दी संक्रमण और दर्द से भी छुटकारा दिलाने का सबसे प्रभावी घरेलू इलाज मानी जाती है। हल्दी को शहद के साथ मिलाकर या फिर गर्म दूध में एक चुटकी हल्दी मिलाकर इसका सेवन किया जा सकता है। इसका नियमित सेवन बदलते मौसम के साथ होने वाली समस्याओं को कम करने में मददगार हो सकती है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
एलर्जी से बचाव के लिए क्या करें? - फोटो : Pixabay
एलर्जी से बचाव के लिए इन बातों का भी रखें खास ख्याल-
  • अगर आपको धूल के कणों या पराग कणों से एलर्जी है तो बाहर जाते समय मास्क लगाकर रखें, नरम कपड़े पहनें।
  • आसपास का माहौल धूल और प्रदूषण मुक्त रखें, घर की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
  • बंद नाक और साइनस से आराम के लिए स्टीम इनहेलर का प्रयोग करें।
  • एलर्जी के समय में गर्म पानी पीने से लाभ मिलता है।

----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। बताए गए तरीके वैकल्पिक उपचार हैं, इन्हें दवाइयों का विकल्प नहीं माना जा सकता। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें