होली का त्योहार रंगों, खुशियों और स्वादिष्ट पकवानों का होता है। एक दूसरे को रंग लगाना, मिठाइयां और लजीज पकवान खाना-खिलाना इस त्योहार को काफी खास बना देता है। त्योहार के समय में इन तमाम खुशियों के बीच अपनी सेहत पर ध्यान देना भी आपके लिए बहुत जरूरी है। विशेषकर जिन लोगों को डायबिटीज की दिक्कत हो उन्हें होली के दिनों में और अधिक सावधानी बरतनी चाहिए।
होली पर तैयार किए जाने वाले पारंपरिक व्यंजन जैसे गुजिया, मालपुआ, ठंडाई, आलू के चिप्स-नमकीन और मिठाइयां इस त्योहार को जरूर खास बनाती हैं, पर जिन लोगों को डायबिटीज है उनके लिए ये चीजें स्वाद से ज्यादा समस्याओं का कारण बन सकती हैं।
होली की मिठाइयां और पकवान हाई कार्बोहाइड्रेट और शुगर से भरपूर होते हैं, जिसके कारण ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है। बढ़े हुए डायबिटीज की स्थिति कई प्रकार की जटिलताओं को बढ़ाने वाली हो सकती है।