बिगबॉस फेम और कई वेब सीरीज में काम करने वाली अभिनेत्री हिना खान स्तन कैंसर से पीड़ित हैं। शुक्रवार को अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर इसकी जानकारी साझा की है। हिना खान ने पुष्टि की है कि उन्हें स्टेज थ्री ब्रेस्ट कैंसर है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में उन्होंने लिखा, मैं सभी लोगों के साथ कुछ महत्वपूर्ण समाचार साझा करना चाहती हूं। मुझे स्टेज थ्री ब्रेस्ट कैंसर का पता चला है।
इस चुनौतीपूर्ण स्थिति के बावजूद, मैं सभी को आश्वस्त करना चाहती हूं कि मैं ठीक हूं। मैं मजबूत, दृढ़ निश्चयी हूं और इस बीमारी पर काबू पाने के लिए प्रयास भी कर रही हूं। मेरा इलाज पहले ही शुरू हो चुका है। मैं इससे और भी मजबूत होकर उभरने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हूं।
गौरतलब है कि स्तन कैंसर, महिलाओं में रिपोर्ट किए जाने वाले सबसे आम कैंसर में से एक है। भारत में स्तन कैंसर सबसे आम कैंसर है, जो महिलाओं में होने वाले सभी प्रकार के कैंसर का लगभग 28.2% है। हर साल दुनियाभर में इस कैंसर के कारण लाखों महिलाओं की मौत भी हो जाती है। आइए ब्रेस्ट कैंसर और इससे बचाव के लिए क्या प्रयास किए जाने चाहिए, इस बारे में जानते हैं।