High Cholesterol Risk: आज की बदलती जीवनशैली में हाई कोलेस्ट्रॉल एक गंभीर समस्या बन गई है। यह शरीर में धीरे-धीरे बढ़ता है और इसके शुरुआती लक्षण भी महसूस नहीं होते, इसीलिए इसे 'साइलेंट किलर' भी कहा जाता है। कोलेस्ट्रॉल एक मोम जैसा पदार्थ होता है जो हमारे खून में पाया जाता है। यह शरीर के लिए जरूरी है, लेकिन जब इसका स्तर बहुत ज्यादा हो जाता है, खासकर 'बैड कोलेस्ट्रॉल' (एलडीएल), तो यह दिल की धमनियों में जमा होने लगता है।
इससे धमनियां संकरी हो जाती हैं और रक्त प्रवाह बाधित होता है, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। हाई कोलेस्ट्रॉल का सबसे बड़ा कारण हमारी डाइट है। ज्यादातर लोग जंक फूड, प्रोसेस्ड स्नैक्स और अनहेल्दी फैट से भरपूर खाना खाते हैं, जो सीधे तौर पर कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ाता है। अगर हम समय रहते इन आदतों को नहीं बदलते, तो यह एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या का रूप ले सकता है।