देशभर में तेजी से बढ़ती गर्मी ने सेहत के लिए कई सारी चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। उच्च तापमान में अधिक समय तक रहने के कारण हीट स्ट्रोक का तो जोखिम रहता ही है साथ ही इसका शरीर के कई अंगों पर भी नकारात्मक असर देखा जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, गर्मी और लू के कारण होने वाली समस्याओं से बचाव करते रहना जरूरी है। गंभीर स्थितियों में ये कई अंगों को गंभीर क्षति पहुंचा सकती है साथ ही इसके जानलेवा दुष्प्रभावों का भी खतरा रहता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, उच्च तापमान के कारण आंखों से संबंधित समस्याओं के बढ़ने का खतरा देखा जाता रहा है। अधिक गर्मी और शुष्क हवाएं आपकी आंखों के लिए नुकसानदायक हैं। अस्पतालों में इन दिनों आंखों में लालिमा, दर्द, जलन और एलर्जिक कंजंक्टिवाइटिस के मामले भी बढ़े हैं। इतना ही नहीं उच्च तापमान आंखों में सूखेपन यानी ड्राई आइज की समस्या को भी बढ़ाने वाली हो सकती है, जिसको लेकर सभी लोगों को विशेष सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता है।