हम सभी रोजाना कई ऐसी औषधियों और मसालों का सेवन करते हैं, जिन्हें सेहत के लिए कई प्रकार से लाभकारी माना जाता है। हालांकि ज्यादातर लोग इससे होने वाले फायदों से अनजान रहते हैं। आयुर्वेद विशेषज्ञ बताते हैं, हर घर में प्रयोग में लाए जाने वाले मसालों में कई ऐसे औषधीय गुण होते हैं जो मौजूदा समय में तेजी से बढ़ती हृदय रोगों की समस्या को भी कंट्रोल करने में मदद कर सकते हैं।
कुछ शोध बताते हैं कि लहसुन का सेवन करना आपके लिए अत्यंत फायदेमंद हो सकता है। विशेषकर यह हृदय रोगों का कारण बनने वाली समस्याओं जैसे कोलेस्ट्रॉल-हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने में विशेष लाभकारी है।
आयुर्वेद के अलावा मेडिकल साइंस ने भी लहसुन से होने वाले फायदों के बारे में बताया है। लहसुन में कई ऐसे यौगिक और पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को कई प्रकार के लाभ दे सकते हैं। लहसुन में पाया जाने वाला सल्फर यौगिक, पाचन तंत्र को ठीक रखने में काफी लाभकारी हो सकता है। विशेषज्ञ कहते हैं खाली पेट लहसुन की तीन-चार कलियों का सेवन करना कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में आपको लाभ दे सकती है। आइए जानते हैं कि लहसुन किस प्रकार के शरीर के लिए लाभकारी हो सकता है?