लिवर में फैट जमने की समस्या सभी उम्र के लोगों में देखी जा रही है, कम उम्र वाले भी इसका शिकार हो रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, आज के समय की ये आम लेकिन गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन गई है। अगर समय रहते इसपर ध्यान न दिया जाए या फिर इसे नियंत्रित न की जाए, तो इसके कारण लिवर सिरोसिस, फाइब्रोसिस यहां तक कि लिवर कैंसर का खतरा भी काफी बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, जिस तरह से लाइफस्टाइल-खान पान की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं उसने लिवर में फैट बढ़ने की समस्या को भी बढ़ा दिया है।
फैटी लिवर वह स्थिति है जब लिवर की कोशिकाओं में वसा की मात्रा सामान्य से अधिक मात्रा में जमा होने लग जाती है। सामान्यतः लिवर में 5% से कम वसा होनी चाहिए, लेकिन यदि यह मात्रा 5-10% से अधिक हो जाए तो इससे फैटी लिवर रोग का खतरा हो सकता है।