दुनियाभर में अब भी जिन बीमारियों को सबसे घातक और इलाज के नजरिए से कठिन माना जाता रहा है, कैंसर उनमें से एक है। आंकड़ों पर नजर डालें तो हर साल लाखों लोगों में कैंसर का निदान किया जा रहा है, इनमें से ज्यादातर की मौत हो जाती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के मुताबिक कैंसर विश्व स्तर पर मृत्यु का दूसरा प्रमुख कारण है। साल 2018 में अनुमानित 9.6 मिलियन से अधिक लोगों की मौत इस घातक बीमारी के कारण हो गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक कैंसर से मौत के दो प्रमुख कारण हैं, पहला-समय पर बीमारी का निदान न हो पाना और दूसरा कैंसर के इलाज का अभाव।
विशेषज्ञ कहते हैं, यदि समय रहते इसके लक्षणों की पहचान करके इलाज शुरू कर दिया जाए तो जान बचाने की संभावना बढ़ जाती है। जॉन्स हॉपकिन्स मेडिसिन ने एक रिपोर्ट में इन्हीं बातों को ध्यन में रखते हुए कैंसर के कुछ लक्षणों के बारे में बताया है जिनपर लोगों को गौर करने की सलाह दी जाती है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि इनमें से अगर आपमें कोई एक लक्षण मौजूद है तो इसका मतलब यह नहीं है कि आपको कैंसर है ही, इस बारे में डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें। इन लक्षणों के आधार पर अंदाजा जरूर लगाया जा सकता है।