राजधानी
दिल्ली में जारी आई फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, पिछले दो सप्ताह में बड़ी संख्या में अस्पतालों में कंजंक्टिवाइटिस के रोगियों के मामले काफी तेजी से बढ़े हैं। रोगियों को आंखों में लालिमा, जलन, चुभन और दर्द की समस्या हो रही है। डॉक्टर कहते हैं, दिल्ली में इन दिनों संक्रामक बीमारियों का दौर चल रहा है, मच्छरजनित रोगों के साथ आई फ्लू के जारी संक्रमण के बीच इन दिनों अस्पतालों में कान में संक्रमण की शिकायत के साथ भी मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। डॉक्टर्स का कहना है कि मानसून के दिनों में इस तरह के संक्रमण की समस्या काफी सामान्य है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कान में संक्रमण की समस्या के मामले इन दिनों अधिक रिपोर्ट किए जा रहे हैं। मानसून की उच्च आर्द्रता और नम वातावरण के कारण फंगल संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है, कानों में होने वाले संक्रमण की स्थिति काफी असहज करने वाली हो सकती है, अगर समय रहते इसका इलाज न किया जाए तो ये काफी असुविधाजनक स्थितियों का कारण हो सकती है।
गंभीर स्थितियों में कानों में होने वाले संक्रमण की स्थिति सुनने की क्षमता को भी प्रभावित करने वाली हो सकती है, जिसको लेकर सभी लोगों को निरंतर ध्यान देते रहने की आवश्यकता है।