डायबिटीज, मौजूदा समय की सबसे गंभीर और चुनौतीपूर्ण स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। आंकड़ों के मुताबिक देश में 20-79 की आयु वाले करीब 7.42 करोड़ से अधिक लोग साल 2021 में इस गंभीर रोग के शिकार थे। समय के साथ यह समस्या शरीर के कई और भी अंगों को क्षति पहुंचा सकती है, यही कारण है कि सभी मधुमेह रोगियों को ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल में रखने वाले उपाय निरंतर करते रहने की सलाह दी जाती है। विशेषज्ञों के मुताबिक जिन लोगों को डायबिटीज की समस्या है उन्हें अपने खान-पान और दिनचर्या में सक्रियात को लेकर विशेष सावधान रहने की आवश्यकता है।
मधुमेह रोगियों के लिए खान-पान कैसा होना चाहिए, यह हमेशा से गंभीर चर्चा का विषय रहा है। कुछ फल, जोकि स्वाद में मीठ होते हैं उन्हें डायबिटीज रोगी चाहकर भी नहीं खा पाते हैं। केला भी ऐसा ही एक फल है। वैसे तो केला कई प्रकार के पोषक तत्वों को प्राप्त करने का सबसे सुलभ फल माना जाता है, पर चूंकि यह स्वाद में मीठा होता है, ऐसे में सवाल उठता है कि क्या जिन लोगों को डायबिटीज की समस्या है, वह केला खा सकते हैं? आइए इस बारे में आगे विस्तार से समझते हैं।