फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dengue: दिल्ली में टाइप-2 डेंगू ने बढ़ाई चिंता, बांग्लादेश में हालात बदतर, डॉक्टर्स बोले- सभी हो जाएं सावधान

Fri, 28 Jul 2023 04:54 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
दिल्ली में डेंगू संक्रमण - फोटो : istock
राजधानी दिल्ली-एनसीआर में पिछले दिनों भारी बारिश के कारण उपजी बाढ़ की स्थिति ने मच्छर जनित बीमारियों के जोखिमों को काफी बढ़ा दिया है।  यहां आंकड़े 5 साल में शीर्ष पर हैं। इस साल एक जनवरी से 22 जुलाई तक 190 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की गई है। अकेले जुलाई में 65 लोगों को डेंगू का शिकार पाया गया है। जून में 40 लोगों को संक्रमण का शिकार पाया गया था। आश्चर्यजनक रूप से कई रोगियों में संक्रमण के कारण गंभीर रोग की समस्या भी देखी जा रही है, जो चिंता बढ़ाने वाली हो सकती है।

अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स पर गौर करें तो सिर्फ सिर्फ भारत ही नहीं, पड़ोसी देशों में भी ये रोग गंभीर समस्या का कारण बनती जा रही है। बांग्लादेश में डेंगू के ज्यादातर रोगियों में गंभीर बीमारी के लक्षण देखे जा रहे हैं, बड़ी संख्या में लोगों को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत हो रही है।

दिल्ली की भी हालिया रिपोर्ट्स चिंता बढ़ाने वाली हो सकती है।
विज्ञापन

2 of 5
बढ़ रहे हैं डेंगू के मरीज - फोटो : istock
बांग्लादेश में बिगड़े हालात

बरसात के मौसम में घनी आबादी वाले बांग्लादेश में डेंगू तेजी से फैल रहा है, जिससे यह आशंका बढ़ गई है कि मच्छर जनित बीमारी के कारण लगातार दूसरे साल रिकॉर्ड संख्या में संक्रमण और मौत के मामले दर्ज किए जा सकते हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यहां इस साल अब तक कम से कम 201 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से आधे से अधिक राजधानी ढाका से हैं। 37,000 से अधिक लोगों में इस साल डेंगू संक्रमण की पुष्टि की गई है।

गौरतलब है कि साल 2022 में, डेंगू वायरस के कारण 281 लोगों की मौत हुई थी जो साल 2000 के बाद से सबसे अधिक है।
विज्ञापन

3 of 5
डेंगू बुखार के मामले - फोटो : istock
दिल्ली में गंभीर रोग के बढ़ रहे हैं मामले

दिल्ली में डेंगू के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने सभी लोगों से बचाव के उपाय करते रहने की अपील की है। स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली में 20 डेंगू पॉजिटिव सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग से पता चला है कि इनमें से 19 में गंभीर स्ट्रेन टाइप-2 डेंगू था। इस प्रकार के डेंगू के लक्षण गंभीर हो सकते हैं। 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों को फैलने से रोकने के तरीकों पर चर्चा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता भी की, जिसमें बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया गया है।

4 of 5
मच्छर जनित रोगों का खतरा - फोटो : iStock
दिल्ली में डेंगू की स्थिति

नागरिक निकाय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार इस साल 22 जुलाई तक राजधानी दिल्ली में डेंगू के 190 मामले सामने आए हैं, जो 2018 के बाद से सबसे अधिक है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की रिपोर्ट के अनुसार, इसी अवधि में मलेरिया के भी 61 मामले दर्ज किए गए हैं। 

जुलाई के पहले तीन हफ्तों में डेंगू लगभग 65 मामले सामने आए थे, जून में यह 40 और मई में 23 थी। वहीं साल 2022 में, दिल्ली में 1 जनवरी से 22 जुलाई के बीच डेंगू के 159 मामले सामने आए।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
डेंगू से बचाव के करें उपाय - फोटो : Istock
आगामी महीनों में और बिगड़ सकती है स्थिति

डॉक्टर्स कहते हैं, पिछले दिनों जिस तरह से राजधानी दिल्ली में बारिश हुई और इसके कारण कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति है, इसके कारण आने वाले महीनों में डेंगू के मरीज और भी बढ़ सकते हैं। सभी लोगों के लिए आवश्यक है कि वे मच्छरों के काटने से बचाव के उपाय करते रहें। डेंगू के मच्छर दिन के समय में अधिक काटते हैं, इसलिए दिन में पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। 



----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें