बरसात के दिनों में कई तरह की मच्छर जनित बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया जैसे रोगों के कारण हर साल बड़ी संख्या में लोगों को अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत पड़ती है, गंभीर स्थितियों में ये बीमारियां जानलेवा भी हो सकती हैं। हालांकि अब डेंगू से ज्यादा डरने की जरूरत नहीं है। संभवत: साल 2025 तक देश में डेंगू से बचाव के लिए वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि बीते सप्ताह डेंगू संक्रमण को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने जानकारी दी है कि डेंगू के टीके का परीक्षण अंतिम चरण में है। अगले साल तक यह आम लोगों के लिए उपलब्ध हो सकता है।
गौरतलब है कि देश के कई राज्य इन दिनों डेंगू की चपेट में हैं। महाराष्ट्र में इसका जोखिम अधिक देखा जा रहा है। इस साल जुलाई तक ही यहां डेंगू के मामले रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार साल के पहले सात महीनों में राज्य में डेंगू के केस में 83 फीसदी तक का उछाल दर्ज किया गया है।
जनवरी और जुलाई 2023 के बीच जहां महाराष्ट्र में 3,164 मामले रिपोर्ट किए गए थे वहीं इस साल के पहले सात महीनों में 5,776 केस दर्ज किए गए हैं, जो करीब दोगुना के बराबर हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने मच्छर जनित रोग के खतरे को लेकर सभी लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।