देश में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में उछाल लगातार जारी है। पिछले 24 घंटों में 12,213 नए मामले सामने आए जो पिछले दिन के आंकड़ों (8,822 मामलों) से 38.4 प्रतिशत अधिक है। 26 फरवरी के बाद यह पहला मौका है जब संक्रमण के आंकड़े एक दिन में 10,000 के पार गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में सक्रिय कोविड-19 मामले अब बढ़कर 58,215 हो गए हैं। संक्रमण की लगातार बढ़ती रफ्तार डराने वाली है।
महाराष्ट्र देश में फिलहाल कोरोना से सबसे प्रभावित राज्य है, यहां पिछले 24 घंटे में 4024 केस सामने आए, यह पिछले दिन के मुकाबले 36 फीसदी अधिक है। यहां ओमिक्रॉन के अति-संक्रामक वैरिएंट्स BA.4 और BA.5 की पुष्टि के बाद से स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं दिल्ली में एक दिन में 1375 नए केस दर्ज किए गए।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक जिस तरह से देश में ओमिक्रॉन वैरिएंट के अति संक्रामक स्वरूपों के बार में पता चला है, ऐसे में सभी लोगों को लगातार विशेष सतर्कता बरतते रहने की आवश्यकता है।