कोरोना वायरस कब खत्म होगा? कोरोना की वैक्सीन आखिर बाजार में कब आएगी? इन सभी सवालों के जवाब अब तक नहीं मिल पाए हैं, लेकिन दुनियाभर के वैज्ञानिक इसको लेकर लगातार प्रयास कर रहे हैं कि वैक्सीन जल्द से जल्द बाजार में आ जाए। ऐसा माना जा रहा है कि वैक्सीन इस साल के अंत तक या अगले साल बाजार में उपलब्ध हो जाएगी, लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या कम आय वाले देशों को वैक्सीन मिलने में समय लगेगा और अमीर और ताकतवर देशों को पहले वैक्सीन मिल जाएगी? पहले भी ऐसे सवाल उठे थे और इसीलिए विश्व स्वास्थ्य संगठन, गावी और सीईपीआई नामक संस्था ने मिलकर एक प्लान बनाया, जिसके तहत सभी को समय पर और उचित मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध कराई जा सके। इसी प्लान को 'कोवाक्स प्लान' या 'कोवाक्स फैसिलिटी' नाम दिया गया है।