कोरोना वायरस से बचने के लिए काढ़ा पीने की सलाह दी जा रही है। आयुष मंत्रालय ने भी गर्म पानी से गरारा करने, च्यवनप्राश और काढ़ा का सेवन करने की सलाह दी है। दरअसल, कोरोना वायरस के बारे में ये बात शुरू से कही जा रही है कि कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों पर इसके संक्रमण का ज्यादा खतरा होता है, इसलिए हमें अपनी इम्यूनिटी बनाए रखने और इसे बढ़ाने के लिए खानपान पर ध्यान देना चाहिए। च्यवनप्राश वगैरह एक तरह से इम्यूनिटी बूस्टर का काम करते हैं, वहीं तुलसी, अदरक, दालचीनी, लौंग जैसी गर्म तासीर वाली चीजों का काढ़ा बनाकर पीना भी बहुत फायदेमंद होता है। लेकिन कहा गया है कि 'अति सर्वत्र वर्जयेत' यानी किसी भी चीज की 'अति' नुकसान पहुंचा सकती है।