कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए विशेषज्ञ शुरुआत से इसकी जांच पर जोर देने की बात कह चुके हैं। उनका कहना है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच करने से ही कोरोना संक्रमण पर लगाम लगाया जा सकता है, इसलिए इसे प्राथमिकता देने की जरूरत है। देश में कोरोना जांच के लिए सबसे ज्यादा आरटी-पीसीआर टेस्ट किट का इस्तेमाल होता आ रहा है। हालांकि इसमें ज्यादा समय लगता है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच जरूरत है ऐसी जांच तकनीक की, जिससे कम समय में जांच संभव हो। भारत समेत कई देशों में कम समय में जांच की तकनीकें विकसित की गई हैं और इसी कड़ी में सिंगापुर के वैज्ञानिकों ने भी नई तकनीक और नया तरीका इजाद किया है, जिसमें करीब आधा घंटा ही समय लगेगा।