दुनियाभर में अब तक 12 करोड़ 88 लाख से अधिक लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। अमेरिका इस बीमारी से गंभीर रूप से जूझ रहा है। यहां यह महामारी विकराल रूप ले चुकी है और अब तक तीन करोड़ से अधिक लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं, जबकि इसके संक्रमण से अब तक 5.50 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि यहां हर रोज करीब 20 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। चूंकि अभी किसी भी देश में बच्चों का टीकाकरण नहीं हो रहा है, लेकिन विशेषज्ञ कहते हैं कि अगर कोरोना से जंग जीतनी है तो बच्चों का भी टीकाकरण बहुत जरूरी है। इस बीच अमेरिकी विशेषज्ञों ने दावा किया है कि बच्चों को भी गंभीर रूप से बीमार करने वाले कोरोना वायरस का नया रूप जल्द सामने आएगा।