शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए रोजाना आहार के माध्यम से सभी लोगों को पोषक तत्वों के सेवन की सलाह दी जाती है।पोषक तत्वों की कमी कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम को बढ़ा सकती हैं। इसके कारण ऊर्जा के स्तर में कमी से लेकर अंगों की कमजोरी और कई प्रकार के रोगों का जोखिम तक बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, पोषक तत्वों की प्राप्ति के लिए हमेशा आहार को स्रोत बनाने पर ही जोर दिया जाना चाहिए, सप्लीमेंट्स का सेवन सिर्फ उन स्थितियों में ही किया जाना चाहिए, जब किसी वजह से पोषक तत्वों की शरीर में विशेष रूप से कमी हो जाती है। इसके अलावा सप्लीमेंट्स को हमेशा विशेषज्ञों की सलाह के बाद भी सेवन करना चाहिए, क्योंकि कुछ स्थितियों में इनसे भी गंभीर समस्याओं का खतरा हो सकता है।
सप्लीमेंट्स से होने वाले दुष्प्रभावों को जानने के लिए किए गए एक हालिया अध्ययन में विशेषज्ञों ने बड़ा खुलासा किया है।
बीएमजे जर्नल में प्रकाशित एक समीक्षा में शोधकर्ताओं ने पाया कि कुछ न्यूट्रिशन सप्लीमेंट्स का एक साथ सेवन करना शरीर के लिए बहुत हानिकारक हो सकता है। विशेषकर विटामिन-ए और बीटा-कैरोटीन के संयोजन से कैंसर बढ़ने का भी जोखिम पाया गया है। अध्ययनकर्ताओं का कहना है कि इस समीक्षा के परिणाम एक बार फिर से इस बात पर जोर देते हैं कि सप्लीमेंट्स को बिना डॉक्टरों के सलाह के सेवन नहीं करना चाहिए। आइए इस अध्ययन के बारे में जानते हैं।