पिछले एक दशक के मेडिकल रिपोर्ट्स पर नजर डालें तो पता चलता है कि किडनी से संबंधित समस्याओं के मामले तेजी से बढ़े हैं। अब 30 साल से कम उम्र के लोग भी इसका शिकार हो रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ लाइफस्टाइल और खान-पान में गड़बड़ी को इसका प्रमुख कारण मानते हैं। अनियमित दिनचर्या, जंक फूड, अधिक नमक और प्रोसेस्ड फूड का अधिक सेवन किडनी की सेहत पर सीधा असर डालती है।
डॉक्टर कहते हैं, जिन लोगों को डायबिटीज होता है उनमें किडनी की बीमारियां और गंभीर स्थितियों में किडनी फेलियर होने तक का खतरा बढ़ जाता है। जिस तरह से किडनी की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं, सभी लोगों को इसके लेकर सावधान रहने की आवश्यकता है।
किडनी को स्वस्थ रखने के तरीकों को बढ़ावा देने, इसके उचित देखभाल को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष मार्च माह के दूसरे गुरुवार को विश्व किडनी दिवस मनाया जाता है। आइए जानते हैं कि किडनी को स्वस्थ रखने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं?