HPV Vaccine For 14 Year Old Girls: भारत में महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए केंद्र सरकार ने 14 साल की किशोरियों के लिए एचपीवी वैक्सीन अभियान शुरू किया है। इस ऐतिहासिक कदम के तहत गार्डासिल-4 वैक्सीन की एक खुराक दी जाएगी, जो सर्वाइकल कैंसर के मुख्य कारणों से सुरक्षा प्रदान करने में सक्षम है। सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय ग्रीवा की कोशिकाओं में होने वाला घातक रोग है, जो मुख्य रूप से ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) के कारण होता है।
सरल शब्दों में समझें तो ह्यूमन पैपिलोमावायरस एक आम वायरल संक्रमण है, जो त्वचा और श्लेष्म झिल्ली को प्रभावित करता है। इसके 200 से अधिक प्रकार होते हैं। सर्वाइकल कैंसर के 99% मामलों के पीछे यही वायरस जिम्मेदार होता है। यह मुख्य रूप से शारीरिक संपर्क के जरिए फैलता है। अगर शरीर की इम्युनिटी इसे खत्म नहीं कर पाती, तो यह वायरस गर्भाशय ग्रीवा की कोशिकाओं में असामान्य बदलाव कर उन्हें कैंसर में बदल देता है।
अमेरिका की
एक स्टडी के मुताबिक शुरुआती उम्र में टीकाकरण कैंसर के जोखिम को 90% तक कम कर सकता है। भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है, लेकिन राहत की बात यह है कि सही समय पर स्क्रीनिंग और टीकाकरण से इसे पूरी तरह रोका जा सकता है। सरकार का यह अभियान किशोरियों को भविष्य की एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या से सुरक्षा कवच प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।