Seasonal Flu In Kids: बदलते मौसम में अक्सर यह सुनने को मिलता है कि बच्चों को 'जाती हुई ठंड' लग गई है। माता-पिता डर के मारे बच्चों को भारी-भरकम कपड़े पहना देते हैं, लेकिन यही सावधानी कभी-कभी बीमारी का कारण बन जाती है। फेमस पीडियाट्रिशियन डॉक्टर माधवी भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके बताया है कि उनकी ओपीडी में आजकल ऐसे कई बच्चे आ रहे हैं जो बुखार से तप रहे हैं, फिर भी उन्हें पेरेंट्स मोटे ऊनी कपड़े और थर्मल पहनाए हुए हैं।
डॉक्टर के अनुसार, तापमान बढ़ने के साथ ही वातावरण का 'बायो-फ्लोरा' बदलता है और कई नए वायरस एक्टिव हो जाते हैं। शादियों के सीजन में यात्रा और मेलजोल के कारण इंफेक्शन तेजी से फैलता है। अक्सर संक्रमण माता-पिता से ही बच्चों में पहुंचता है। डॉक्टर भारद्वाज का कहना है कि जब तापमान बढ़ रहा हो, तब बच्चों को अत्यधिक कपड़ों में लपेटना उनके शरीर की गर्मी को बाहर नहीं निकलने देता, जिससे उनका चिड़चिड़ापन और बुखार कम होने के बजाय और बढ़ जाता है।