सेलिब्रिटीज नए ट्रेंड्स पैदा करते हैं और आम जनता अपनी जेब के हिसाब से इन ट्रेंड्स को फॉलो करने की कोशिश करती है। कभी ये ट्रेंड्स खाने-पीने से जुड़े होते हैं तो कभी पहनावे या लाइफस्टाइल से। विभिन्न प्रकार के डाइट प्लान्स भी अधिकांशतः सेलिब्रिटीज की देखा देखी ही चलन में आते हैं। पिछले कुछ दिनों से विराट कोहली, उर्वशी रौतेला, मलाइका अरोड़ा और श्रुति हसन जैसी कई सेलिब्रिटीज द्वारा 'ब्लैक वॉटर' पीने की चर्चाएं आम हैं। कोई इसे स्पेशल एनर्जी ड्रिंक के तौर पर प्रचारित कर रहा है तो कोई फिटनेस ड्रिंक के तौर पर। यह ट्रेंड नया नहीं है। हॉलीवुड में कुछ साल पहले ही सेलिब्रिटीज ब्लैक वॉटर का उपयोग कर रही थीं। अब यह बॉलीवुड और अन्य भारतीय सेलिब्रिटीज तक भी आ गया है। कहा ये जा रहा है कि इस स्पेशल पानी का सेवन शरीर में कई पोषक तत्वों की पूर्ति करता है। इतना ही नहीं यह एनर्जी बढ़ाने के साथ ही ओवरऑल फिटनेस के लिए बहुत बढ़िया स्रोत होता है। जाहिर ही है कि इतना सब होने के बाद इस पानी की कीमत भी सामान्य तो होगी नहीं। तो एक 500 एमएल ब्लैक वॉटर बॉटल की कीमत 600 रुपये से 2,500 रुपये तक हो सकती है। यह निर्भर करता है कि पानी किस ब्रांड का है। जानिए क्या है यह काला पानी और क्यों है इतनी चर्चा में?