स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए सभी लोगों को नियमित रूप से पौष्टिक चीजों का सेवन करते रहना चाहिए। विशेषरूप से सुबह का पहला आहार सबसे पौष्टिक होना चाहिए। सुबह के समय शरीर का मेटाबॉलिज्म दर सबसे अच्छा होता है, ऐसे में इस समय मौसमी फलों-सब्जियों के सेवन की सलाह दी जाती है। सुबह के नाश्ते में फलों-सब्जियों के जूस का सेवन करके शरीर को कई प्रकार के लाभ हो सकते हैं।
आहार विशेषज्ञ बताते हैं, इस मौसम में चुकंदर और गाजर के जूस का सेवन करना बहुत फायदेमंद हो सकता है। इसमें मौजूद तमाम प्रकार के पोषक तत्व हीमोग्लोबिन बढ़ाने के साथ पेट, आंखों और त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद हो सकते हैं।
गाजर चुकंदर के जूस में उच्च मात्रा में आवश्यक बायोएक्टिव यौगिक पाए जाते हैं, जो इसे आपके दिन की शुरुआत करने के लिए एक उत्कृष्ट पेय बनाता है। इस जूस में एंथोसायनिन, कैरोटीनॉयड, विटामिन-सी, एंटीऑक्सिडेंट, बीटानिन और फिनोल जैसे बायोएक्टिव तत्व होते हैं, इनकी शरीर को बेहतर ढंग से काम करते रहने के लिए विशेष आवश्यकता होती है। आइए जानते हैं कि नियमित रूप से इस पेय के सेवन से किस प्रकार के स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किए जा सकते हैं?