कार्बोहाइड्रेट वो पोषक तत्व हैं, जिसको लेकर लोगों के मन में कई प्रकार के सवाल रहते हैं। अक्सर फिटनेस के शौकीन, डायबिटीज रोगी आहार से कार्बोहाइड्रेट की मात्रा को एकदम कम कर देते हैं। माना जाता है कि कार्ब्स वजन बढ़ने का कारण हो सकते हैं। इसके अलावा यह मधुमेह, हृदय रोग और हाई कोलेस्ट्रॉल के जोखिमों को भी बढ़ा देती है। तो क्या हम सभी को कार्बोहाइड्रेट वाली चीजों से बिल्कुल दूरी बना लेनी चाहिए?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कार्बोहाइड्रेट को छोड़ देना कभी भी स्वस्थ आहार का विकल्प नहीं हो सकता है। यह आपके शरीर के लिए ऊर्जा का सबसे बड़ा स्रोत है, यानी अगर आप कार्बोहाइड्रेट से बिल्कुल दूरी बना लेते हैं तो गंभीर कमजोरी के शिकार हो सकते हैं। यह जरूर ब्लड शुगर और वजन को बढ़ाने वाली मानी जाती रही है, पर इसे छोड़ देने से और भी गंभीर दुष्प्रभावों का खतरा हो सकते हैं।