शरीर के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए तीन समय पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी जाती है। इसमें भी सुबह के नाश्ते को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। असल में रात के करीब 7-8 घंटे पेट खाली होता है, ऐसे में शरीर को पर्याप्त ऊर्जा के लिए नाश्ते में पोषक तत्वों से भरपूर आहार की आवश्यकता होती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक नाश्ते में अगर मोटे अनाजों से तैयार आहार को शामिल किया जाए तो न सिर्फ यह शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की आसानी से पूर्ति कर सकता है, साथ ही इसमें मौजद गुण कई प्रकार के रोगों के खतरे को कम करने में भी सहायक माने जाते हैं।
अध्ययनों से पता चलता है कि जौ, रागी, बाजरा, गेंहू और ज्वार जैसे आहार कई तरह के पोषक तत्वों का समृद्ध स्रोत माने जाते हैं। इनका सेवन करना पेट से लेकर डायबिटीज तक की समस्याओं को ठीक करने में सहायक हो सकता है। डायबिटीज रोगियों के लिए इन अनाजों से बने आहार का सेवन अत्यंत फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि इन अनाजों का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है। इसके अलावा इसमें मौजूद फाइबर की मात्रा पेट को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होता है। आइए जानते हैं कि इन अनाजों को नाश्ते में शामिल करके आप किस तरह से लाभ प्राप्त कर सकते हैं?