आंखों की समस्या, लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के कारण तेजी से बढ़ती हुई देखी जा रही है। लगभग सभी उम्र के लोग आंखों से संबंधित दिक्कतों के शिकार पाए जा रहे हैं। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आम आदमी पार्टी (आप) नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा आंखों की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं, उनमें रेटिनल डिटेचमेंट नामक स्थिति का निदान हुआ है। इसके इलाज-सर्जरी के लिए वह जल्द ही यूनाइटेड किंगडम जाएंगे।
स्वास्थ्य विशेष कहते हैं, लाइफस्टाइल में गड़बड़ी और बढ़ती क्रोनिक बीमारियों के कारण आंखों की सेहत पर भी नकारात्मक असर देखा जा रहा है। रेटिनल डिटेचमेंट भी इसी तरह की दिक्कत है। अगर समय पर इस समस्या का निदान और इलाज न हो पाए तो इससे स्थाई रूप से आंखों की रोशनी जाने और अंधेपन का भी खतरा हो सकता है। इसलिए जरूरी है कि सभी लोग आंखों की सेहत का विशेष ध्यान रखें और बीमारियों के लक्षणों पर गंभीरता से ध्यान देर समय रहते उपचार प्राप्त करें।