गुजरात के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ के प्रकोप के बीच रविवार (8 सितंबर) को चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां कच्छ जिले के लखपत तालुका में एक हफ्ते के भीतर 12 लोगों की मौत हो गई, जिसमें 12 साल से कम उम्र के चार बच्चे भी शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा, मौत का कारण प्राथमिक रूप से न्यूमोनाइटिस प्रतीत होता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
वहीं कुछ स्थानीय जिला पंचायत सदस्यों ने कहा कि डॉक्टर बुखार का सही निदान नहीं कर पाए, रोगियों को सांस लेने में भी कठिनाई भी हो रही थी। 12 लोगों की मौत से मचे हड़कंप के बाद तालुका और इससे सटे क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
जिला के कलेक्टर अमित अरोड़ा ने बताया कि आसपास के गांवों में चिकित्सा सेवाएं बढ़ा दी गई हैं। हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। 22 सर्विलांस टीमों और डॉक्टरों को तैनात किया गया है। इसके अलावा एच1एन1, स्वाइन फ्लू, क्रीमियन-कांगो बुखार, मलेरिया और डेंगू के खतरे को भी ध्यान में रखते हुए बाकी लोगों के सैंपल एकत्रित किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सभी लोगों को अलर्ट रहने और स्वास्थ्य में गड़बड़ी महसूस होते ही विशेषज्ञों से तुरंत सलाह लेने की अपील की है।