देश के जवान जिस तरह से सीमा पर और कश्मीर घाटी में शहीद हो रहे हैं यह एक चिंता का विषय बनता जा रहा है। ऐसी ही दिल दहला देने वाली तस्वीर दिखी कुपवाड़ा में जहां शुक्रवार को आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हुए सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर और जवान को उनके साथी जब श्रद्धांजलि देकर ट्रक में उनके घर भेजने के लिए जाने लगे तो वह फूट-फूट कर रोते दिखे। हर एक जवान इन तस्वीरों में अपने साथियों के बलिदान पर रोता हुआ दिखा। आपको बता दें कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में शुक्रवार को मुठभेड़ में सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर समेत चार जवान शहीद हो गए, जबकि एक नागरिक की मौत हो गई। इस गोलीबारी में 9 अन्य घायल हैं। फिलहाल गोलीबारी बीते 48 घंटों से जारी है। पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर रखा है।