श्रीनगर के नौगाम स्थित भाजपा नेता के घर पर हुए आतंकी हमले में शहीद पुलिस के जवान को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारी और जवान मौजूद रहे। इस हमले को लेकर आईजी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि तीनों आतंकियों की पहचान कर ली गई है। तीनों श्रीनगर के रहने वाले हैं, जोकि लश्कर से जुड़े हुए हैं। आतंकियों के खात्मे के लिए अभियानों में तेजी लाई जाएगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हमले की निंदा करते हुए पुलिस के आला अधिकारियों से घाटी के सभी प्रमुख नेताओं के सुरक्षा कवच को बढ़ाए जाने की अपील की है।