जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 की आजादी की तीसरी बरसी की पूर्व संध्या पर गुरुवार शाम आतंकियों ने फिर गैर कश्मीरी मजदूरों को निशाना बनाया। पुलवामा में किए गए ग्रेनेड हमले में एक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। लेकिन अभी तक आतंकियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
पुलिस ने बताया कि घटना पुलवामा जिले के गादूरा इलाके की है। रात में आतंकियों ने मजदूरों को निशाना बनाकर ग्रेनेड दागा, जो उनके पास गिरकर तेज धमाके के साथ फटा। इससे तीन मजदूर घायल हो गए। खून से लथपथ इन मजदूरों को तत्काल पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया।