प्रदेश में रविवार को पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। इससे शुष्क मौसम से लोगों को राहत मिली। वहीं नए वर्ष पर जम्मू-कश्मीर आने वाले सैलानियों को पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी का लुत्फ उठाने का मौका भी मिलेगा। हालांकि, ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। इसके साथ-साथ जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे पर कई जगह भूस्खलन होने से इसे यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। जम्मू संभाग के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल श्री माता वैष्णो देवी के भवन व आसपास के क्षेत्रों के अलावा पटनीटॉप व नत्थाटॉप में भी बर्फबारी हुई है।