जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खात्मे के लिए सुरक्षाबल लगातार ऑपरेशन चला रहे हैं। इस साल अब तक सौ से अधिक आतंकियों का खात्मा किया जा चुका है। आतंकियों के खात्मे की जब बात आती है तो भारतीय सेना की स्पेशल फोर्स के जांबाज कमांडो लांस नायक मोहन नाथ गोस्वामी(शहीद) का नाम सबकी जुबान पर आ जाता है।
लांस नायक मोहन नाथ गोस्वामी ने साल 2002 में सेना की इलीट पैरा कमांडो को ज्वाइन किया था। अपनी वीरता और साहस के चलते उन्होंने यूनिट के सबसे जांबाज सैनिक में ख्याति हासिल की। अपनी यूनिट के तमाम बड़े अभियानों में हिस्सा लिया और जम्मू-कश्मीर में आतंक विरोधी अभियानों में बड़ी कामयाबी हासिल की।
साल 2015 में आतंकियों के खिलाफ चलाए गए अलग-अलग ऑपरेशन में भारत मां के इस लाल ने 11 दिनों में दस आतंकियों को मार गिराने में सफलता पाई थी। वहीं आतंकियों के खिलाफ एक ऑपरेशन के दौरान जांबाज कमांडो लांस नायक मोहन नाथ गोस्वामी ने राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे।