कोरोना महामारी के बीच लोगों को काम नहीं मिल पा रहा, ऊपर महंगाई भी बढ़ती जा रही है। लॉकडाउन होने के कारण किसानों को मंडियों में सब्जियों को बेचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा रहा है। कम दाम पर सब्जी बेचने को मजबूर हैं, जबकि दुकानदार मुनाफा कमा रहे हैं। जम्मू में दोमाना के किसान सुरेश कुमार, दीपक पांडे ने बताया कि मंडी में हमें सब्जियों के अच्छे दाम नहीं मिलने से खेतों में पड़ी सब्जियां खराब हो रही हैं लॉकडाउन की वजह से किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मंडी में हमें खीरा चार रुपये किलो बेचना पड़ रहा है। और टमाटर छह रुपये, बंदगोभी तीन रुपये और मूली भी तीन रुपये प्रति किलो के भाव से खरीदी जा रही है। मढ़ निवासी तरसेम लाल शिंदा और बलविंदर कुमार का कहना है कि डॉक्टर सब्जियां खाने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन दाम बढ़ने से आम नागरिक के लिए सब्जी खरीदना मुश्किल हो गया है।