कश्मीर में बारिश के चलते तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। दिन के तापमान के साथ-साथ रात में भी पारे में कमी आई है और मौसम लगातार सुहाना बना हुआ है। श्रीनगर में मंगलवार दोपहर को कुछ देर के लिए झमाझम बारिश हुई और करीब दो घंटे तक हुई बूंदाबांदी के बाद फिर से हलकी धूप खिल गई। वहीं गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग के अलावा अन्य कई पहाड़ी इलाकों में रात से ही बारिशों का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिन में भी जारी रहा। इसके चलते पहाड़ी इलाकों में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार श्रीनगर का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 5.2 डिग्री कम रहा। पहलगाम और गुलमर्ग का अधिकतम तापमान 23.6 और 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक कश्मीर घाटी में बारिशों का सिलसिला जारी रहेगा।