फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर: अवाम की आवाज में उपराज्यपाल ने की कोरोना को मात देने की बात, लोगों से की यह खास अपील

Mon, 17 May 2021 11:07 AM IST
करिश्मा चिब न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू

सार

उप राज्यपाल ने अवाम की आवाज की दूसरी कड़ी में जनभागीदारी की आवश्यकता पर दिया जोर। सभी लोगों से मास्क पहनने, टीकाकरण के लिए पंजीकरण कराने और कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने का आह्वान।
विज्ञापन
1 of 7
manoj Sinha - फोटो : @manojsinha_
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि पूरे देश की तरह जम्मू-कश्मीर भी इन दिनों कोरोना की कठिन चुनौतियों से जूझ रहा है। पिछले कुछ सप्ताह में केंद्र शासित प्रदेश में कई परिवारों ने अपने प्रिय को महामारी के चलते खो दिया है। प्रशासन दुख की इस घड़ी में ऐसे परिवारों के साथ खड़ा है। किसी की जान की क्षतिपूर्ति नहीं की जा सकती है, लेकिन सरकार का यह दायित्व है कि वह लोगों की देखभाल करे और कठिन घड़ी में उनके साथ खड़ा रहे। कोरोना को सभी मिलकर मात देंगे। एक दूसरे के सहयोग के लिए हर वक्त तैयार रहें और सुरक्षित रहें। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात की तर्ज पर अवाम की आवाज की दूसरी कड़ी में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कई फैसले किए हैं। वरिष्ठ नागरिक जिन्होंने अपने इकलौते कमाने वाले को खो दिया है उन्हें जीवनभर विशेष पेंशन मिलेगा। अपने अभिभावकों को खो देने वाले बच्चों को विशेष छात्रवृत्ति दी जाएगी। प्रत्येक परिवार जिन्होंने अपने प्रिय को खोया है उन्हें स्वरोजगार के लिए जम्मू-कश्मीर बैंक के जरिये वित्तीय सहायता दी जाएगी।
विज्ञापन

2 of 7
कोरोना का टीकाकरण - फोटो : अमर उजाला
पंजीकृत निर्माण से जुड़े मजदूर, पौनीवाला, पालकीवाला, पिट्ठूवाला को अगले दो महीने तक प्रति माह एक हजार रुपये मिलेगा। सभी राशन कार्ड धारकों को प्राथमिकता पर राशन आठ मई से मिलने लगा है। वृद्धाश्रम व अनाथालयों को राशन के साथ सरकार हर संभव मदद करेगी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए हमें प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कोरोना को मात देना है। इसके लिए जनभागीदारी जरूरी है। सभी लोग मास्क पहनें, टीकाकरण के लिए पंजीकरण कराएं और कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें।
विज्ञापन

3 of 7
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Pixabay
मानसिक स्वास्थ्य के लिए लोग लें सलाह
उप राज्यपाल ने डॉक्टरों, नागरिकों, नर्सों तथा फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर से कोरोना को प्रभावी तरीके से मात देने के इनपुट को साझा किया। श्रीनगर के डॉ शरमीन मुश्ताक व रियासी के डॉ शबनम रिजवी ने प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने और दवाओं की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। राजोरी की डॉ हुमा मिर्जा, कठुआ के डॉ संचित शर्मा, डॉ पल्लवी शर्मा व जम्मू के डॉ अदिति सैनी ने कोरोना संक्रमित मरीजों के घरों में बच्चों की जांच व लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। गांदरबल के डॉ उमर जान ने कोरोना महामारी के दौरान लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर से उबारने के लिए लगातार काउंसिलिंग करने पर जोर दिया ताकि सकारात्मक सोच विकसित हो सके। उप राज्यपाल ने कहा कि सरकार ने डाक्टरों के हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं जिन पर लोग संपर्क कर रहे हैं। डाक्टर व हेल्थकेयर वर्कर दिनरात नागरिकों को बचाने में जुटे हैं। यह लोग कठिन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इनमें से कई कोरोना वारियर की जान भी चली गई है। नागरिकों को इनकी सलाह माननी चाहिए और प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए।
 

4 of 7
जीएमसी में लगा आक्सीजन जनरेशन प्लांट - फोटो : अमर उजाला
14 नए ऑक्सीजन प्लांट इस महीने के आखिर तक
स्वास्थ्य ढांचे की मजबूती से जुड़े सुझावों पर उप राज्यपाल ने कहा कि प्रशासन कोरोना से जंग के लिए पूरी तरह तैयार है। पिछले छह महीने में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया गया है। 26 नए ऑक्सीजन प्लांट शामिल किए गए हैं। 14 नए प्लांट इस महीने के आखिर तक जुड़ेंगे। इसके साथ ही 34 अतिरिक्त ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट अगले छह महीने में स्थापित किए जाएंगे। अगले छह महीने में कुल 99 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित हो जाएंगे। सबी जिलों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। कोरोना पीड़ित तथा कोरोना की तरह लक्षण वाले लोगों को किट दिए जा रहे हैं। कोरोना प्रबंधन के लिए पंचायत स्तर पर कमेटियां बनाई गई हैं। ऑक्सीजन की उपलब्धता के लिए 24 घंटे ऑक्सीजन वार रूम काम कर रहा है।
विज्ञापन

5 of 7
Corona infection in Jammu and Kashmir - फोटो : अमर उजाला
कॉलेज व स्कूल शिक्षकों को भी लगाने का आया सुझाव
कठुआ के हीरानगर के कुलदीप गुप्ता ने टीका के दो डोज लेने वाले कालेज व स्कूल शिक्षकों को अस्पतालों व कोविड केयर सेंटर में प्रशासनिक कार्यों के लिए वालंटियर के तौर पर रखने का सुझाव दिया। उप राज्यपाल ने इस पर विचार करने का सुझाव देते हुए कहा कि सेवानिवृत्त चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ तथा एमबीबीएस अंतिम वर्ष के छात्रों को कोविड व नॉन कोविड हेल्थकेयर सेंटर में लगा रही है। उन्होंने बिना डाक्टरी सलाह के दवा लेने वालों को ऐसा करने से सचेत रहने को कहा।
विज्ञापन

6 of 7
corona cases of jammu kashmir - फोटो : अमर उजाला
विजयनाथ मिश्र के वीडियो को प्रेरणादायक बताया
उप राज्यपाल ने विजयनाथ मिश्रा के वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि किस प्रकार प्रेरणादायक कहानियों के जरिये उन्होंने कोरोना को मात देने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि जरूरतमंदों को मदद देने के लिए आगे आएं। कहा कि जम्मू की नर्स मीनू शर्मा व रीता देवी, पहलगाम की मुर्तजा जान, अनंतनाग की नीलोफर ने पीड़ित मानवता की सेवा में उल्लेखनीय कार्य किया है। जम्मू के मोहल्लों में मीनू शर्मा, डा. वसुधा, रीता देवी व दर्शन लाल कोरोना जांच कर रहे है। मीनू रोजाना 150 से 200 लोगों की जांच करती हैं। मीनू ने सुझाव दिया कि प्रत्येक अस्पताल में एक काउंसलर होना चाहिए जो कोरोना पीड़ित मरीजों के परिवार को सलाह व सही सूचनाएं दे सके। नर्सिंग स्टाफ के लिए ट्रांसपोर्टेशन सुविधा व पीपीई किट की पर्याप्त उपलब्धता का भी सुझाव आया।  
 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
ऑक्सीजन सिलिंडर - फोटो : अमर उजाला
इनका योगदान भी सराहनीय
एलजी ने जम्मू के डॉ  सोमनाथ वर्मा, डॉ  राजेश मीनिया व डॉ अखिल महाजन का जिक्र करते हुए कहा कि बिना किसी फीस के वे मरीजों के मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल कर रहे हैं। जम्मू के मानू राणा व उनकी टीम के सदस्य अमित शर्मा, अशोक कुमार व विशाल चौधरी जरूरतमंदों को ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराने में योगदान दे रहे हैं। कुलगाम के शिक्षक मंजूर लावे अस्पताल व क्वारंटीन सेंटर में भर्ती लोगों को भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। वे अपनी कार में लाउडस्पीकर लगाकर कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए भी लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: घरों में आइसोलेट हुए कोरोना पॉजिटिव मरीजों को मुफ्त मिल रही कोरोना किट
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें