जम्मू एयरफोर्स स्टेशन पर ड्रोन हमले के बीच केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार को जम्मू का दौरा कर बॉर्डर पर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। जवानों से मिलकर उन्होंने हौसला बढ़ाया। साथ ही दुश्मन की किसी भी नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब देने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान वे बीएसएफ मुख्यालय पहुंचे जहां अधिकारियों ने उन्हें जम्मू में बॉर्डर पर सुरक्षा की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। साथ ही उन्हें बॉर्डर पर सुरक्षा खतरे तथा चुनौतियों की जानकारी देते हुए बीएसएफ की तैयारियों के बारे में भी बताया गया। उन्हें सीमापार के खतरे को नाकाम बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरणों तथा प्रणालियों से भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर प्रहरी सम्मेलन में उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी जवान अपने कर्तव्यों को बखूबी निभा रहे हैं। चाहे सीमापार से घुसपैठ हो, टनल बनाना हो, तस्करी हो या फिर ड्रोन की घुसपैठ। प्रथम लाइन के सीमा प्रहरी की जिम्मेदारी निभाते हुए वह हर प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि महिला प्रहरी भी पुरुषों के बराबर के उत्साह के साथ सीमा की सुरक्षा के लिए डटी हुई हैं।