श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों का शहर जम्मू कान्हा के रंग में रंग गया है। मंदिरों से लेकर बाजारों में सजावट लगभग पूरी हो चुकी है। शहर में शोभायात्रा का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। बुधवार 6 सितंबर को धर्मार्थ ट्रस्ट और सनातन धर्म श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर पारंपरिक रथ यात्रा निकालेंगे।
रथ यात्रा में शहर के 12 प्रमुख बाजारों से होकर गुजरेगी। इसमें 40 झांकियां शामिल होंगी। बुधवार को शाम चार बजे रघुनाथ मंदिर से रथ यात्रा निकाली जाएगी। यह रेजिडेंसी रोड, शहीदी चौक, कनक मंडी, सिटी चौक, पुरानी मंडी, लिंक रोड, जैन बाजार, चौक तबुतरा, पक्का डंगा से होते हुए मोती बाजार, राज तिलक रोड, पुराना अस्पताल से सिटी चौक होकर रघुनाथ मंदिर में संपन्न होगी।