जल्द ही कश्मीर घाटी से भी देश को सर्वश्रेष्ठ गोल्फ खिलाड़ी मिलेंगे। सरकार की पहल ने इस शाही खेल को कश्मीर के मध्यम वर्ग तक पहुंचा दिया है। सरकार ने पहली बार सरकारी स्कूल के बच्चों और गोल्फ प्रेमियों के लिए गोल्फ अकादमी खोल दी है। कश्मीरी युवा गोल्फरों के पहले बैच को गोल्फ कोर्स में 15 दिनों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें श्रीनगर के विभिन्न सरकारी स्कूलों के कुल 50 छात्र प्रशिक्षण लेंगे, जिनमें 25 लड़कियां और 25 लड़के शामिल हैं।
भारत के गोल्फिंग केंद्र के रूप में गुलमर्ग की उत्पत्ति 19वीं शताब्दी में हुई, जब कर्नल नेविल चेम्बरलेन ने 1890-91 में 6-होल कोर्स स्थापित किया था। पहली गोल्फ चैंपियनशिप 1922 में गुलमर्ग में खेली गई थी, वहीं नीडु कप 1929 में शुरू किया गया था। इतना ही नहीं कश्मीर ने कई प्रतिष्ठित गोल्फ टूर्नामेंटों में दुनिया भर के सैकड़ों अंतरराष्ट्रीय गोल्फरों की मेजबानी भी की है।