indian army
- फोटो : अमर उजाला
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में सुरक्षाबलों की ओर से आतंकियों के एक दल को ट्रैक किया जा रहा था। इसके आधार पर क्रीरी के अथूरा गांव में बुधवार देर रात को एक बड़े ग्रुप की मौजूदगी की सूचना पर सेना की 52 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), 53 बटालियन सीआरपीएफ और एसओजी बारामुला और क्रीरी ने मिलकर इलाके की घेराबंदी की। वीरवार तड़के ऑपरेशन शुरू किया गया। आतंकियों को पहले समर्पण के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। रिहायशी इलाका होने के चलते पहले स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया जिसके बाद आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। एसएसपी बारामुला इम्तियाज हुसैन ने बताया कि दो आतंकी मारे गए हैं। आबादी और मकानों को कम से कम नुकसान पहुंचे, इसे ध्यान में रख कर आपरेशन किया गया। लोग मुठभेड़ स्थल पर एरिया क्लियर होने तक नहीं जाएं। इसके लिए इलाके में पोस्टर भी लगवाए गए हैं।